खिलचीपुर। पदभार संभालते ही नई एसडीएम ज्योति राजोरिया एक्शन मोड में दिखाई दीं। सोमवार को उन्होंने नगर परिषद सीएमओ देवनारायण दांगी के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड, तोपखाना गेट, गाड़गंगा नदी पुल और छापीहेड़ा नाका सहित कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर अधिकारियों की नाराजगी साफ नजर आई। सबसे बड़ी कार्रवाई मालाकार होटल पर हुई, जहां गंदगी और खराब पेयजल व्यवस्था मिलने पर ₹5 हजार का स्पॉट फाइन लगाया गया। साथ ही साफ चेतावनी दी गई कि आठ दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जहां गंदगी मिली, वहीं रुका अधिकारियों का काफिला
निरीक्षण की शुरुआत बस स्टैंड से हुई। सड़क किनारे फैले कचरे को देखकर एसडीएम ने तुरंत सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद तोपखाना गेट स्थित दूध डेयरी के बाहर फैली गंदगी हटवाई गई। गाड़गंगा नदी के छोटे पुल पर बड़ी मात्रा में कचरा देखकर एसडीएम ने नगर परिषद अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि धार्मिक स्थल और नदी क्षेत्र को कचरा फेंकने की जगह नहीं बनने दिया जाएगा।
होटल का नजारा देखकर भड़कीं एसडीएम
निरीक्षण के दौरान जब अधिकारी छापीहेड़ा नाका स्थित मालाकार होटल पहुंचे तो वहां फैली गंदगी, खुले में पड़ा कचरा और गंदे वाटर कूलर को देखकर एसडीएम ज्योति राजोरिया नाराज हो गईं। उन्होंने होटल संचालक राहुल मालाकार को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “इतनी गंदगी में लोग आखिर नाश्ता कैसे कर रहे हैं?”
सीएमओ की चेतावनी, अब लापरवाही महंगी पड़ेगी
नगर परिषद सीएमओ देवनारायण दांगी ने होटल संचालक को स्पष्ट शब्दों में कहा कि आठ दिन के भीतर सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त करें, अन्यथा एफआईआर दर्ज की जाएगी। होटल परिसर में डस्टबिन रखने, गंदा पानी और तेल हटाने तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
डिस्पोजल गिलास बंद, कांच के गिलास में ही मिलेगी चाय
नगर परिषद ने मौके पर ही होटल संचालक पर ₹5 हजार का जुर्माना लगाया। साथ ही निर्देश दिए कि आगे से डिस्पोजल गिलास का उपयोग नहीं किया जाएगा और ग्राहकों को केवल साफ कांच के गिलास में ही चाय परोसी जाएगी।
प्रशासन का साफ संदेश
एसडीएम ने शहर के सभी दुकानदारों से कहा कि कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दे दिए हैं कि अब स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होंगी.



